कार की टक्कर से 8 वर्षीय बच्ची गंभीर, सीएचसी से रेफर मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर हालत नाजुक
1 min readअयोध्या।
इनायत नगर थाना क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज स्थित डोबियारा ग्राम पंचायत में शनिवार सुबह सड़क हादसे में आठ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, घायल बच्ची मोनिका चौहान (8) पुत्री गुड्डू चौहान, निवासी खेवली थाना बीकापुर, इन दिनों अपनी मौसी के घर आई हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार कार संख्या UP 32 NW 3641 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खाई में चली गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार शाहगंज चौकी से संबंधित बताई जा रही है और उसे चौकी प्रभारी के चालक द्वारा चलाया जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद शाहगंज चौकी प्रभारी एसआई वीरेंद्र कुमार ने घायल बच्ची को उपचार के लिए मिल्कीपुर सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया। वहां से बच्ची को दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बच्ची के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को तत्काल मौके से न हटाया जाए और बच्ची के स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद ही वाहन हटाने की कार्रवाई की जाए।
हादसे को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस मामले की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

