पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ गोष्ठी कार्यक्रम, नियमों के पालन और शांतिपूर्ण आयोजन पर दिया गया जोर
1 min readखंडासा अयोध्या
आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अयोध्या जनपद के खंडासा थाना परिसर में स्थानीय डीजे संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने सभी संचालकों से शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। गोष्ठी के दौरान डीजे संचालकों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करें, बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर डीजे का संचालन न करें तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ या अशोभनीय सामग्री का प्रसारण न किया जाए। साथ ही धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं के दौरान पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करने को कहा गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीजे संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।

