छात्र पर जानलेवा हमला! 10 छात्रों पर पिटाई का आरोप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
1 min readइंटर कॉलेज में छात्र पर जानलेवा हमला! 10 छात्रों पर पिटाई का आरोप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
परिजनों का हंगामा,स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी उठे सवाल- थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
परसपुर (गोंडा)।
परसपुर कस्बे के बेनी माधव इंटर कॉलेज में छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय परिसर में एक छात्र की कथित तौर पर 10 छात्रों द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों ने परसपुर थाने में तहरीर देकर आरोपित छात्रों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल छात्र अमित यादव पुत्र नरसिंह यादव, निवासी ग्राम डेहरास, बेनी माधव इंटर कॉलेज का छात्र है। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय परिसर के भीतर कुछ छात्रों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पीटा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। बाद में उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना विद्यालय के भीतर होने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने न तो परिजनों को तत्काल सूचना दी और न ही घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसको लेकर विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते सूचना और उपचार की व्यवस्था की जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि विद्यालय छात्रों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होता है, ऐसे में परिसर के भीतर हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों ने परसपुर थाने में तहरीर देकर हमलावर छात्रों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर सभी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्यालय प्रशासन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।

