अवैध खनन रोकने गए खनन अधिकारी दो किलोमीटर तक लटके चलती जेसीबी पर, मुश्किल से बची जान
1 min readअवैध खनन रोकने गए खनन अधिकारी दो किलोमीटर तक लटके चलती जेसीबी पर, मुश्किल से बची जान
दबंगो ने प्रशासन को दी खुली चुनौती, कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
कर्नलगंज के राजपुर में शुक्रवार तड़के 2 बजे की घटना, जेसीबी कब्जे में, ट्रैक्टर-ट्रॉली फरार, एसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग
गोण्डा। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गए जिला खनन अधिकारी की जान बाल-बाल बची। दबंगों ने न सिर्फ प्रशासन को खुली चुनौती दी बल्कि अधिकारी की जान को भी खतरे में डाल दिया। शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे कर्नलगंज क्षेत्र में जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन अवैध खनन की जेसीबी को रोकने के लिए करीब 2 किलोमीटर तक चलती मशीन के गेट पर लटके रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
गुरुवार रात करीब 12 बजे डॉ. अभय रंजन को सूचना मिली कि करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब दो बीघा जमीन की मिट्टी अवैध रूप से निकाली जा रही है। सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से जेसीबी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर बालपुर पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया।
चलती जेसीबी पर 2 किमी तक लटके अधिकारी
आरोप है कि चौकी पर खड़ी जेसीबी का चालक मौका पाकर मशीन लेकर भाग निकला। इसे रोकने के लिए डॉ. अभय रंजन तुरंत चलती जेसीबी के गेट पर चढ़ गए और करीब 2 किलोमीटर तक लटके रहे। बालपुर में लोगों की भीड़ जमा होने पर चालक जेसीबी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद जेसीबी को कर्नलगंज कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक भी वाहन लेकर फरार हो गया।
एसपी को भेजा पत्र, जांच के आदेश
जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि करीब दो बीघा जमीन पर हुए अवैध खनन की भी जांच कराई जा रही है।
कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है। खनन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
कानून का खौफ खत्म
इस घटना से साफ है कि अवैध खनन माफिया में कानून और प्रशासन का कोई भय नहीं बचा है। दिनदहाड़े और रात में भी खुलेआम खनन हो रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी दबंगों पर रासुका के तहत कार्रवाई हो।

