गौकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा बरामद
1 min readगौकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा बरामद
इटियाथोक रेलवे क्रॉसिंग के पास की घटना, साथी पहले ही भेजा जा चुका है जेल, घायल को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
गोण्डा। इटियाथोक थाना पुलिस ने गौकशी के एक आरोपी को शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गौकशी का आरोपी कमरुद्दीन उर्फ कचनें निवासी इटियाथोक रेलवे क्रॉसिंग के पास से भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। बाइक से आते आरोपी को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
एक दिन पहले हुआ था फरार
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात कमरुद्दीन और उसके साथी अशरफ अली ने इटियाथोक के पन्ना बगुलहा गांव स्थित कर्बला के पास गन्ने के खेत में एक छुट्टा सांड को गौकशी के उद्देश्य से बांध रखा था। ग्रामीणों को भनक लगने पर वे मौके पर पहुंचे। लोगों को देख कमरुद्दीन भाग निकला जबकि अशरफ अली को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसके कब्जे से गौकशी के उपकरण बरामद हुए थे। शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने कमरुद्दीन के कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज चल रहा है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

