पुलिस का एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की मोटर बरामद
1 min readखंडासा में मोटर चोरी का हुआ
मिल्कीपुर अयोध्या।
खंडासा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही सिंचाई इंजन और विद्युत मोटर चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटर बरामद कर ली है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के किसानों को अन्य लंबित चोरी की घटनाओं के भी जल्द खुलासे की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि हाल ही में महुवा गांव में एक ही रात तीन किसानों, जगदेव, श्यामलाल और भानु प्रताप सिंह के खेतों से सिंचाई इंजन और मोटर चोरी होने की घटना सामने आई थी। किसानों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने लगातार हो रही चोरियों, कमजोर रात्रि गश्त और पुराने मामलों के लंबित खुलासे को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इसी दौरान थाना खंडासा पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर के मार्गदर्शन में मुकदमा संख्या 179/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस में कार्रवाई करते हुए शिवकुमार (49) और राकेश (18) निवासी ग्राम सिड़सिड़ पूरे सिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई विद्युत मोटर भी बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अब्दुल वहीद खान, उपनिरीक्षक शशिकांत पटेल, मुख्य आरक्षी यमुना प्रसाद तिवारी, आरक्षी रामाश्रय यादव और आरक्षी अजय कुमार शामिल रहे। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पुलिस द्वारा मोटर चोरी के एक मामले का खुलासा सराहनीय है, लेकिन महुवा गांव सहित अन्य चोरी की घटनाओं का भी शीघ्र खुलासा होना चाहिए। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

