July 30, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मुख्यमंत्री दौरे के बाद कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा का सरकार पर हमला, बोले- नई सौगात नहीं, पुरानी घोषणाओं की री-पैकेजिंग,

1 min read
Spread the love

धौलपुर,
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के धौलपुर दौरे के अगले दिन कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले को कोई बड़ी नई सौगात नहीं मिली। उन्होंने राजाखेड़ा पुल की मंजूरी का स्वागत किया, लेकिन अधिकांश घोषणाओं को पुरानी बजट घोषणाओं और पहले से स्वीकृत परियोजनाओं का दोहराव बताया।
राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि राजाखेड़ा मंडी की घोषणा करीब दो वर्ष पहले की जा चुकी थी, लेकिन आज तक न भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई और न ही पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया। उनका कहना था कि केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता, बल्कि योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हुए विभिन्न लोकार्पण और शिलान्यास पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इनमें कई परियोजनाएं पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हो चुकी थीं, जबकि कुछ पर पहले से निर्माण कार्य चल रहा था।
पार्वती बांध के गेटों के रिनोवेशन के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि किसी भी कार्य से पहले विस्तृत सर्वे कराया जाना चाहिए, क्योंकि गेटों की ऊंचाई बढ़ने से कई गांव डूब क्षेत्र में आ सकते हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
बोहरा ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को “इवेंट मैनेजमेंट” बताते हुए आरोप लगाया कि भीड़ जुटाने पर अधिक जोर दिया गया, जबकि धौलपुर की पेयजल समस्या, जलभराव, जर्जर सड़कें और सरमथुरा क्षेत्र में अवैध खनन जैसे गंभीर मुद्दों के समाधान पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय विकास कार्यों को धरातल पर उतारने और जनता की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। साथ ही प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *