एक माह के दूधमुंहे को छोड़ 2 बच्चों की मां प्रेमी संग फरार
1 min readब्लाउज सिलवाने के बहाने निकली, देर रात तक नहीं लौटी, परिजनों ने थाने में दी तहरीर
गोण्डा।

जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 2 बच्चों की मां कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि जाते समय वह अपने 1 माह के दूधमुंहे बच्चे को भी घर पर छोड़ गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, देहात कोतवाली क्षेत्र के सालपुर चौकी अन्तर्गत गांव की रहने वाली युवती की शादी करीब 8 साल पहले धानेपुर क्षेत्र में हुई थी। दंपती के 2 बच्चे हैं। बड़ा बेटा 6 साल का है और छोटा बेटा अभी सिर्फ 1 महीने का है। परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 1 बजे विवाहिता घर से ब्लाउज सिलवाने की बात कहकर निकली थी। लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। रात भर इंतजार करने के बाद मंगलवार को परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
प्रेम प्रसंग की आशंका
परिजनों को आशंका है कि महिला अपने परिचित एक युवक के साथ चली गई है। 1 माह के बच्चे के घर पर रह जाने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। बच्चे की देखभाल दादी कर रही हैं। विवाहिता की सास ने मंगलवार को धानेपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी है। तहरीर में बहू के लापता होने और किसी के साथ चले जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस जांच में जुटी
धानेपुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक गजेंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। महिला के मोबाइल नंबर और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला अपनी मर्जी से गई है या कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
महादेव मौर्या
