पुलिस ने दिव्यांग फरियादी की समस्या सुनकर कुछ ही मिनटों में दर्ज की ऑनलाइन शिकायत
1 min readधौलपुर राजस्थान।
संवेदनशील पुलिस दिव्यांग फरियादी की समस्या सुनकर कुछ ही मिनटों में दर्ज की ऑनलाइन शिकायत
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में धौलपुर पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित, मानवीय एवं संवेदनशील समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मानपूर्वक सहायता उपलब्ध कराना भी है। विगत दिनों पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कमला कॉलोनी, जगदीश टॉकीज के पास धौलपुर निवासी दिव्यांग व्यक्ति विवेक अपना मोबाइल फोन कहीं खो जाने की शिकायत लेकर अकेले ही ट्राईसाईकिल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। सायबर सेल कार्यालय दूसरी मंजिल पर स्थित होने के कारण उनके लिए वहां तक पहुंचना कठिन था। जैसे ही इसकी जानकारी सायबर सेल टीम को मिली, टीम प्रभारी हेड कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सायबर सेल के कानि. दिनेश कुमार स्वयं नीचे पहुंचे और पूरी संवेदनशीलता एवं आत्मीयता के साथ उनकी पूरी समस्या सुनी और बिना किसी अनावश्यक औपचारिकता के तत्काल आवश्यक जानकारी प्राप्त कर महज कुछ ही मिनटों में उनकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई तथा उन्हें आगे की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि शिकायत पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि धौलपुर पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्ति पुलिस के पास आने पर स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सहज महसूस करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की वास्तविक पहचान केवल अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार और त्वरित सहायता भी है। धौलपुर पुलिस भविष्य में भी इसी मानवीय सोच के साथ प्रत्येक पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्ति की हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

