July 27, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के प्रतिभागियों एवं MY Bharat स्वयंसेवकों से किया वर्चुअल संवाद

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी निकाय ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ द्वारा गृह मंत्रालय एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के सहयोग से संचालित विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम (VVVP-2026) के प्रतिभागियों एवं MY Bharat स्वयंसेवकों के साथ रविवार को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
धौलपुर जिले में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एवं सहभागिता DOIT, धौलपुर में आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी, जनक राज मीना, एनआईसी के अजय कुमार एवं उनकी टीम तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी, राजेश गुर्जर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिले के VVVP-2026 प्रतिभागी आशीष कुमार (पचगांव, धौलपुर) सहित MY Bharat के लगभग 20 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इनमें सारांश अग्रवाल, सोनू सिंह, नरेंद्र कुमार, स्नेहा कुमारी, गुंजन कुमारी तथा रामकेश सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न सीमावर्ती (वाइब्रेंट) गांवों का भ्रमण कर लौटे युवा प्रतिभागियों से उनके अनुभव जाने। प्रतिभागियों ने ग्राम सभाओं में सहभागिता, स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचय, होम-स्टे के अनुभव, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के भ्रमण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों के समर्पण, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अपने अनुभव साझा किए।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि “देश के पहले गांव” हैं। उन्होंने युवाओं से सीमावर्ती क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा युवाओं को देश की विविधता, सांस्कृतिक समृद्धि और सीमावर्ती क्षेत्रों के महत्व से जोड़ते हैं।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को “विकसित भारत” का निर्माता और सबसे बड़ा लाभार्थी बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन्होंने वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु DOIT, धौलपुर में सभी तकनीकी एवं व्यवस्थागत तैयारियाँ सुनिश्चित की गईं। कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से संपन्न हुआ। उपस्थित प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री के प्रेरक मार्गदर्शन को युवाओं के लिए ऊर्जा एवं प्रेरणा का स्रोत बताते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, राष्ट्रीय एकता तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *