पुश्तैनी जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, दो महिलाओं समेत 6 घायल, दो गंभीर धौलपुर रेफर,
1 min readबाड़ी, धौलपुर
कंचनपुर थाना क्षेत्र के भीमगढ़ गांव में पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को बाड़ी अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल विजय सिंह और प्रभा (65) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धौलपुर रेफर किया गया।
घायल विजय पुत्र तोताराम ठाकुर ने बताया कि परिवार में पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मंगलवार को पंचायत के दौरान दूसरे पक्ष ने पंचों की बात नहीं मानी और लाठी, डंडों व फरसों से हमला कर दिया। घटना में रवि (26) पुत्र अतर सिंह, रचना पत्नी जितेंद्र, जितेंद्र पुत्र अतर सिंह, रामकिशोर पुत्र रमेश और सरोज पत्नी रामकिशोर भी घायल हुए हैं।
पीड़ित पक्ष की सरोज देवी और जितेंद्र ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो दिन पहले ही पुलिस को संभावित झगड़े की सूचना दी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से यह घटना हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के संबंध में रचना देवी पत्नी जितेंद्र सिंह ने कंचनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों पर धमकी देने, घर पर हमला करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। हेड कॉन्स्टेबल विश्वेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि एक पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद का मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।

