पीपल के पेड़ पर प्रगट हुई हनुमान जी की दिव्य आकृति
1 min readकुमारगंज में पीपल के पेड़ पर प्रगट हुई हनुमान जी की दिव्य आकृति
आस्था का उमड़ा जनसैलाब कराया गया विशाल भंडारा
अयोध्या
जनपद के कुमारगंज में एक चमत्कारी घटना से पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था की लहर दौड़ गई है। नगर पंचायत कार्यालय के निकट पुरानी आलू मंडी में स्थित एक पीपल के पेड़ पर भगवान हनुमान जी की स्पष्ट आकृति उभर आई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में अपार उत्साह और श्रद्धा का भाव जाग उठा है। सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है और पूजा अर्चना का सिलसिला जारी है। पीपल के पेड़ की छाल में पूर्व दिशा की ओर स्वाभाविक रूप से आकृति उभर आई है। आकृति में हनुमान जी की आँखें, नाक, मुंह और सिर पर सुशोभित मुकुट तक साफ-साफ दिखाई दे रहे हैं। भक्त इस दिव्य दर्शन को चमत्कार मान रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग इसे ईश्वरीय कृपा का प्रतीक बता रहे हैं। सूचना फैलते ही आसपास के क्षेत्र से श्रद्धालु उमड़ पड़े। मंगलवार सुबह से ही पीपल के पेड़ के आसपास भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। लोग फूल-माला चढ़ाकर पूजा अर्चना कर रहे हैं। महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचे। आस्था के इस सैलाब में स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से भंडारे का आयोजन किया। हजारों भक्तों ने छोले-चावल का प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय निवासी योगी भक्त विक्की ने बताया, “यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। भारी संख्या में लोग दूर दराज से स्वयंभू श्री हनुमान जी के स्वरूप का दर्शन करने आने लगे हैं। हनुमान जी का प्रकट होना क्षेत्र के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। इस अवसर पर पंडित राम मूरत, त्रिभुवन विश्वकर्मा, भैरव उपाध्याय, दीपक उपाध्याय, देवता उपाध्याय, विकास उपाध्याय, विवेक उपाध्याय, रामप्रसाद महरा, अनुभव आदि मौजूद रहे।

