भगवान परशुराम की निकली भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा
1 min readभगवान परशुराम की विराट, भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा, तीन बैंड और छह आकर्षक झांकियां रहेंगी विशेष आकर्षण,
धौलपुर, राजस्थान
भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आज धौलपुर नगर धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति एवं सामाजिक एकता के एक बड़े आयोजन का साक्षी बनेगा। भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में भगवान परशुराम की विराट, भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो आज सायं 4 बजे महात्मानंद की बगीची, पुराना शहर धौलपुर से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा को लेकर जिले सहित राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
समिति द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए कई दिनों से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा, सैंपऊ, बसई नवाब, राजाखेड़ा, मनिया सहित विभिन्न क्षेत्रों एवं उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज के आराध्य नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन तप, त्याग, शौर्य और धर्मरक्षा का संदेश देता है तथा वर्तमान समय में भी उनके आदर्श समाज को प्रेरित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में परम पूज्य श्री श्री 1008 पागल बाबा जी महाराज एवं श्री द्वारिकाधीश जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त होगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज भी विशेष रूप से शामिल होंगे। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
समिति अध्यक्ष मुकेश शर्मा (ब्लड बैंक वाले) ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहने वाली है। यात्रा में तीन भव्य बैंड, छह आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां तथा भगवान परशुराम जी का भव्य डोला शामिल रहेगा। झांकियों के माध्यम से भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों एवं सनातन संस्कृति का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा।
शोभायात्रा महात्मानंद की बगीची से प्रारंभ होकर पुराना शहर, हरदेव नगर, सराय, लाल बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, सब्जी मंडी, तोप तिराहा और संतर रोड होते हुए मोटे हनुमान जी मंदिर पहुंचेगी। वहां विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन रखा गया है।
समिति ने सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, यातायात एवं अनुशासन व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की हैं। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं युवा कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

