June 19, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

जिला एवं सेशन न्यायाधीश संजीव मागो सहित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला कारागृह का किया निरीक्षण

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

सर्वाेच्च न्यायालय के रिट पिटीशन में पारित आदेश की पालना, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसरण में जिला एवं सेशन न्यायाधीश महोदय संजीव मागो एवं सचिव जिला विधिक सेेवा प्राधिकरण रेखा यादव की अध्यक्षता में गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसरण में जिला एवं सेशन न्यायाधीश धौलपुर ने जेल में स्थापित प्रिजिन लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया तथा इस संबंध में जारी एसओपी की पालना सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला कारागृह में बंदियों के इन्द्राज से संबंधित संधारित रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। पूर्व निरीक्षण के पश्चात् किसी भी बंदी की जाति रजिस्टर में अंकित नहीं पाई गई तथा भविष्य में भी माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के आदेश की पालना सुनिश्चित कराये जाने हेतु अधीक्षक जिला कारागृह को निर्देशित किया। गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जेल में बंदियों से जेल के भीतर विभिन्न कार्यों रसोईघर में भोजन पकाना, बैरकों व शौचालयों की साफ-सफाई आदि कार्यों में जातिगत भेदभाव के संबंध में पूछताछ करने पर किसी भी बंदी द्वारा जातिगत भेदभाव की पुष्टि नहीं किया जाना बताया साथ ही अधीक्षक जिला कारागृह को सख्त निर्देश दिए गए कि बंदियों के बीच किसी भी कार्य का विभाजन उनकी जाति के आधार पर नहीं किया जाए। गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला कारागृह के विभिन्न बैरकों का औचक निरीक्षण किया गया साथ ही बैरकों में बंदियों को उनकी जाति के आधार पर अलग-अलग रखने जैसी व्यवस्था के संबंध में भी बंदियों से जानकारी ली तो बंदियों ने बताया कि जेल में किसी भी बंदी के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता है तथा सभी के साथ समान व्यवहार किया जाता है। गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला कारागृह में स्थित रसोईघर का भी निरीक्षण कर बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की शुद्धता और गुणवत्ता को परखा गया, जो संतोषजनक पाई गई। साथ ही बंदियों ने बताया कि भोजन पकाने की टीम में सभी जतियों के बंदी आपस में मिल-जुलकर खाना बनाते हैं। गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला कारागृह में स्थित शौचालयों और स्नानघरों की साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। जेल में बंदियों से साफ-सफाई के संबंध में पूछताछ करने पर बताया कि विभिन्न जातियों के बंदियों द्वारा रैडमली साफ सफाई की जाती है तथा किसी जाति विशेष के बंदी द्वारा सफाई का कार्य नहीं किया जाता है।
गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा बंदियों से सीधा संवाद किया गया तथा बंदियों को बताया कि यदि कोई बंदी निजी अधिवक्ता करने में असमर्थ हैं, तो वह बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से तुरंत निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैला फौजदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धौलपुर धर्मसिंह मीणा, जिला साक्षरता अधिकारी वीरी सिंह, सहायक अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग गोविंद, सहायक निदेशक कृषि विभाग सरदारमल यादव, जिला उद्योग अधिकारी मितुल गोयल, प्रतिनिधि जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला रोजगार अधिकारी संजू, चीफ लीगल एड डिफेंस कॉउन्सिल अमित कम्ठान, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस कॉउन्सिल पप्पू सिंह गुर्जर, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल आराधना शर्मा, दीपक सिकरवार, स्टेनो राहुल डंडौतिया एवं जेल अधीक्षक सुमन मीणा सहित कारागृह का स्टाफ एवं बंदीजन मौजूद रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *