June 19, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

रोडवेज बस ने बाइक सवार LIC एजेंट को रौंदा, 10 फीट तक घिसटा

1 min read
Spread the love

बांदा

बांदा-इलाहाबाद स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक सवार LIC एजेंट को रौंदा, 10 फीट तक घिसटा, मौत पेट्रोल भरवाने निकले थे, बस चालक बस छोड़कर हुआ फरार

क़मासिन -बांदा-इलाहाबाद स्टेट हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से एलआईसी एजेंट की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे की है। कस्बे के चंदेल फिलिंग स्टेशन पर सिकरी गांव निवासी 55 वर्षीय रामकुमार पुत्र रामआसरे बाइक में पेट्रोल भरवाने गए थे। पेट्रोल पंप बंद होने के कारण जैसे ही वह बाइक लेकर सड़क पर आए, तभी बांदा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही राठ डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि रामकुमार बाइक समेत करीब 10 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए।
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और बस चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रामकुमार को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक रामकुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई शिवकुमार और भुरवा के अलावा पत्नी विमलेश कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रामकुमार लंबे समय से एलआईसी एजेंट थे और गुरुवार को किसी काम से भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय, बांदा जा रहे थे।

रामकुमार अपने पीछे पत्नी विमलेश कुमारी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। पत्नी ने बताया कि बड़ा बेटा अंशु और बेटी अन्नू झांसी में बीएससी नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ओझा ने बताया कि चालक बस छोड़कर फरार है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *