आधुनिक रिमोट सेंसिंग तकनीक, उपग्रह चित्रों और वैज्ञानिक आंकड़ों के माध्यम से हीट वेव एवं लू के वास्तविक कारणों का विस्तृत अध्ययन
1 min readशासन स्तर से 06 वैज्ञानिकों की विशेषज्ञ टीम बांदा पहुंची
बांदा
जिलाधिकारी अमित आसेरी के अनुरोध पर शासन स्तर से छह वैज्ञानिकों की विशेषज्ञ टीम बांदा पहुंची है, जो आधुनिक रिमोट सेंसिंग तकनीक, उपग्रह चित्रों और वैज्ञानिक आंकड़ों के माध्यम से हीट वेव एवं लू के वास्तविक कारणों का विस्तृत अध्ययन करेगी। अध्ययन के दौरान वैज्ञानिक भूमि सतह तापमान (लैंड सरफेस टेम्परेचर) का विश्लेषण करेंगे और उन क्षेत्रों की पहचान करेंगे जहां तापमान सबसे अधिक दर्ज हो रहा है। इसके साथ ही अत्यधिक गर्म क्षेत्रों का वैज्ञानिक मानचित्रण भी किया जाएगा। विशेषज्ञ टीम जनपद में हरियाली और वन क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करेगी। वृक्षों की संख्या, वन क्षेत्र में हुए परिवर्तनों तथा हरित आवरण में कमी और तापमान वृद्धि के बीच संबंधों का अध्ययन किया जाएगा। इसके अलावा तालाबों, नदियों, जलाशयों और भूजल स्तर की स्थिति का आकलन कर यह जांचा जाएगा कि नमी की कमी तापमान वृद्धि को किस प्रकार प्रभावित कर रही है। अध्ययन में बुंदेलखंड की चट्टानी भूमि, कम आर्द्रता, खुले भूभाग तथा गर्म हवाओं की दिशा और प्रवाह जैसे भौगोलिक एवं प्राकृतिक कारकों की भी वैज्ञानिक समीक्षा की जाएगी। वहीं सड़कों, कंक्रीट संरचनाओं, निर्माण गतिविधियों और धूल प्रदूषण के कारण उत्पन्न होने वाले ‘हीट आइलैंड प्रभाव’ का भी आकलन किया जाएगा। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अध्ययन के लिए पुराने तापमान रिकॉर्ड, मौसम संबंधी आंकड़ों और वर्तमान उपग्रह डेटा का समन्वित विश्लेषण किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर जनपद में प्रभावी हीट एक्शन प्लान, वृहद पौधरोपण अभियान, जल संरक्षण उपाय, छायादार क्षेत्रों का विकास तथा गर्मी से बचाव के लिए दीर्घकालिक रणनीतियां तैयार की जाएंगी। अधिकारियों का मानना है कि यह अध्ययन केवल बांदा ही नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए हीट वेव प्रबंधन और जलवायु अनुकूलन का एक प्रभावी मॉडल साबित हो सकता है। जनपद बांदा में स्थानीय पर्यावरणीय कारकों के फील्ड अध्ययन का कार्य 16 जून से 19 जून 2026 तक प्रस्तावित है। इस दौरान परियोजना वैज्ञानिक डॉ. हफीजुल्लाह और अभिषेक गोंड जनपद में रहकर फील्ड सर्वे करेंगे। अध्ययन कार्य में सहयोग के लिए जिला खनन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है। इस पहल को बांदा में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रभावों को समझने तथा उनके स्थायी समाधान खोजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

