समूह का रुपया जमा करने गए युवक को लाठी-डंडों से पीटा, 2 के खिलाफ एफआईआर
1 min readपरसपुर, गोंडा।
थाना क्षेत्र के पूरे अजब गांव निवासी एक युवक पर समूह का रुपया जमा करने के दौरान जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने लाठी-डंडा और लोहे की राड से पीटकर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के पिता उमेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र बृजेश चौहान रविवार दोपहर करीब 2 बजे समूह का रुपया जमा करने गांव बहुवन मझार माझा निवासी वृजेन्द्र बहादुर सिंह के घर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही छोटू सिंह और रवि सिंह पुत्रगण विजय प्रताप सिंह ने बृजेश को अकेला पाकर लात-घूसों, मुक्के, थप्पड़ के साथ ही लाठी-डंडा और लोहे की राड से मारपीट शुरू कर दी। हमले में बृजेश बेहोश होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने घायल को सीएचसी परसपुर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर छोटू सिंह और रवि सिंह के खिलाफ BNS की धारा 110, 115(2) व 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

