बस हादसे में यात्री की मौत, डंपर चालक पर मुकदमा दर्ज
1 min read
कुमारगंज अयोध्या

जनपद के थाना कुमारगंज क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक यात्री की मौत के मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।
सुल्तानपुर जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जरई खुर्द-जरई कला गांव निवासी कुसुम गुप्ता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति संतोष कुमार 11 जून को अयोध्या दर्शन के लिए बस संख्या यूपी-45 टी 5214 से गए थे। तहरीर के अनुसार सुबह लगभग सात बजे कुमारगंज क्षेत्र के रमेश नगर डबल नहर के निकट बस सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से आ रहे डंपर संख्या बीआर-28 जीबी 1287 के चालक ने कथित रूप से तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में संतोष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई अन्य यात्री घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है। पीड़िता ने पुलिस से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
