May 10, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

लापरवाही पर डीएम सख्त, मिल्कीपुर एसडीएम समेत 23 अधिकारियों का वेतन रोका

1 min read
Spread the love

अयोध्या

जिला अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की अप्रैल 2026 की समीक्षा में गंभीर खामियां मिलने पर 23 अधिकारियों का मई माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई मासिक समीक्षा बैठक में पाया गया कि कई अधिकारियों द्वारा निस्तारित किए गए प्रकरणों में शत-प्रतिशत आवेदक असंतुष्ट रहे। साथ ही शिकायतकर्ताओं से संपर्क करने का प्रतिशत भी 90 फीसदी से कम पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले जनसुनवाई पोर्टल के मामलों में अधिकारियों द्वारा अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है।
कार्रवाई की जद में आने वालों में खान निरीक्षक अयोध्या, सम्पत्ति प्रबंधक आवास एवं विकास परिषद, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग, प्रधानाचार्य प्राविधिक शिक्षा, एडीओ पंचायत अमानीगंज, सीडीपीओ तारून, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रधानाचार्य आईटीआई, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा, बीडीओ मया बाजार, एडीओ पंचायत मवई, तहसीलदार बीकापुर, दुग्ध विकास विभाग प्रबंधक, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी अमानीगंज व सोहावल, उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर, बीडीओ सोहावल, बेसिक शिक्षा अधिकारी, बीडीओ पूराबाजार, बीईओ बीकापुर तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी पूराबाजार शामिल हैं। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, समयबद्धता और शिकायतकर्ताओं से संवाद सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *