पुलिस की अभिनव पहल, ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान शुरू,
1 min read
धौलपुर, राजस्थान।

पुलिस अधीक्षक धौलपुर के निर्देशानुसार जिले में 4 मई से 31 मई 2026 तक ‘जीवन रक्षा, सड़क सुरक्षा’ यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बाड़ी पुलिस एवं यातायात शाखा द्वारा बसेड़ी रोड स्थित श्रीराम हर्षण पेट्रोल पंप पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत बिना हेलमेट पहनकर आने वाले दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूक किया। पंपलेट्स, पोस्टर्स और होर्डिंग्स के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया।
पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों, कर्मचारियों और सेल्समैनों को निर्देश दिए कि बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को पेट्रोल उपलब्ध न कराया जाए। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना है।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब एक दर्जन बिना हेलमेट वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान भी किए गए। धौलपुर पुलिस ने बताया कि ‘जीवन रक्षा, सड़क सुरक्षा’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ब्यूरो विजय शर्मा
