रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश
1 min readग्राम रथ अभियान योजनाओं की रोशनी अब हर गांव तक
मरैना की रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश
धौलपुर
जिले की राजाखेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मरैना में सोमवार को जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में ग्राम रथ अभियान के तहत रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की उपयोगी जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने बताया कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों तक योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी सरल, सुलभ और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी के साथ प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया जा रहा है। लोक कलाकारों एवं कला जत्थों द्वारा कठपुतली और गीत-संगीत के माध्यम से योजनाओं का रोचक तरीके से प्रसार किया गया।
28 परिवादों कार्रवाई के निर्देश
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा विद्युत, नाला निर्माण, सफाई एवं राशन से संबंधित कुल 28 परिवाद प्रस्तुत किए गए। जिला कलक्टर ने सभी परिवादों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
डिजिटल स्व-जनगणना पर दिया जोर
जिला कलक्टर ने स्व-जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नवीनतम आंकड़े राष्ट्रीय नीति निर्माण एवं आधारभूत ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना का कार्य जारी है और नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके पश्चात प्रगणक द्वारा सत्यापन भी किया जाएगा।
एलईडी वैन से योजनाओं का प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित वीडियो फिल्में प्रदर्शित की गईं। कृषि विभाग के सहायक निदेशक प्रभु दयाल शर्मा ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों से लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन. सोमनाथ, उपखंड अधिकारी राजाखेड़ा सुशीला मीणा, तहसीलदार दीप्ति देव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीआर जाट, पूर्व जिला प्रमुख रामवती जाटव, भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

