महज 96 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को निहालगंज थाना धौलपुर ने किया गिरफ्तार
1 min readधौलपुर,
पुलिस थाना निहालगंज क्षेत्र में मयूरी नगर में हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 96 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घर के बाहर खड़ी एक नाबालिग बालिका पर की गई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा (आरपीएस) एवं वृत्ताधिकारी शहर कृष्णराज जांगिड (आरपीएस) के निकटतम सुपरविजन में थाना निहालगंज प्रभारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी युवराज उर्फ राज को मौरोली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
निहालगंज थाना प्रभारी धौलपुर अमित शर्मा ने बताया कि , 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3:10 बजे परिवादी की नाबालिग पुत्री घर पर अकेली थी। उसी दौरान आरोपी युवराज उर्फ राज निवासी बड़ापुरा मोरोली वहां पहुंचा और बच्ची को घर के बाहर आने के लिए कहा। जब बच्ची बाहर नहीं आई तो आरोपी ने देशी कट्टे से फायर कर दिया, जिससे गोली घर के गेट में जा लगी। इसके बाद जैसे ही बच्ची बाहर निकली, आरोपी ने दूसरी बार फायर किया, जिसके छर्रे बच्ची के पैर में लग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो चुका था। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस संबंध में थाना निहालगंज पर मुकदमा संख्या 139/2026 धारा 351(2) एवं 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज की और अंततः उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
युवराज उर्फ राज पुत्र राजेन्द्र, जाति गुर्जर, उम्र 21 वर्ष, निवासी बड़ापुरा थाना कोतवाली, जिला धौलपुर।
अपराधिक रिकॉर्ड:
थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन आरोप शामिल हैं। वर्ष 2023 में थाना निहालगंज में दर्ज प्रकरण में उस पर धारा 147, 148, 149, 323, 341, 427, 336, 307, 120बी आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2025 में थाना कोतवाली में भी बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। वर्तमान प्रकरण में भी आरोपी के खिलाफ जांच जारी है।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य:
इस पूरे ऑपरेशन में थाना निहालगंज प्रभारी अमित कुमार शर्मा, एएसआई योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल चीपू ,सौरभ ,रविन्द्र तथा एएसआई प्रेम सिंह (डीएसटी प्रभारी) सहित टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और कुशल कार्यवाही की सराहना की है।जिला
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

