दर्दनाक हादसा, माइक में उतरे करंट से नमाजी साकिर अली की मौत
1 min readकर्नलगंज में दर्दनाक हादसा, माइक में उतरे करंट से नमाजी साकिर अली की मौत
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
कर्नलगंज।
कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के कटरा शहबाजपुर गांव में रविवार सुबह करीब 5 बजे एक दिल दहलाने वाला हादसा हो गया। मस्जिद में अजान देने के लिए माइक को छूते ही 38 वर्षीय नमाजी साकिर अली पुत्र मुस्लिम को तेज करंट लग गया, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार साकिर अली रोज की तरह फज्र की नमाज के लिए मस्जिद पहुंचे थे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर उन्हें माइक से दूर किया और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीण तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कर्नलगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मस्जिद की जर्जर वायरिंग और बारिश को हादसे की वजह बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण मस्जिद में लगी पुरानी विद्युत वायरिंग में नमी आ गई थी, जिससे माइक में करंट उतर गया।मृतक साकिर अली परिवार के कमाऊ व्यक्ति थे। वह पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, पूरे गांव में मातम पसरा है।
प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।

