रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि, श्री माँ रहना वाली भक्त समिति द्वारा शिविर का आयोजन
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
स्थानीय श्री माँ रहना वाली भक्त समिति, रणछोड़ नगरी के तत्वावधान में आज रविवार, 03 मई 2026 को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्व. श्रीमती विद्यादेवी मित्तल जी (धर्मपत्नी श्री अमर चन्द मित्तल जी, पंचगाँव वाले) की प्रथम पुण्यतिथि की स्मृति में आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन धौलपुर ब्लड बैंक, बड़े हॉस्पिटल के सामने किया गया। आयोजन की शुरुआत सुबह 9 बजे हुई, जिसमें शहर के युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्था के सदस्य और प्रख्यात समाजसेवी हरीश मित्तल (गुड्डू ), बृजमोहन मित्तल (बॉबी ) एवं सुनील मित्तल (सोनू ) ने ब्लड बैंक प्रभारी मुकेश शर्मा के सानिध्य में अपनी पूजनीय माता जी की स्मृति में इस 13वें रक्तदान शिविर के माध्यम से समाज सेवा का संदेश दिया।
दोपहर 12 बजे तक चले इस शिविर में भारी संख्या में ‘रक्तवीरों’ ने पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। आयोजक समाजसेवी, एवं भामाशाह हरीश मित्तल ने बताया कि एकत्रित किया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों और आपातकालीन स्थितियों में जीवन बचाने के काम आएगा। ‘हर पल आपके साथ’ के ध्येय वाक्य के साथ कार्य कर रही इस संस्था ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
श्री माँ रहना वाली भक्त समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुण्यतिथि जैसे मौकों पर इस तरह के सेवा कार्य न केवल दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि देते हैं, बल्कि समाज में जागरूकता भी फैलाते हैं। इस दौरान भामाशाह एवं समाजसेवी सरदार कमलजीत सिंह ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को बढ़-चढ़कर रक्तदान करना चाहिए क्योंकि यह भी एक पुण्य का कार्य है इससे दूसरों की जान बचाई जा सकती है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा, दाऊ दयाल सिंघल, रमेश बंसल, विष्णु अग्रवाल, रितेश, राजीव जैन, शुभम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

