सचिव रेखा यादव के नेतृत्व में बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह का किया निरीक्षण,
1 min readनिरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का लिया जायजा,
धौलपुर
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति तथा पॉक्सो समिति के आदेशों की अनुपालना में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेखा यादव, सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग बबलू शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ ब्रजेश शर्मा, सदस्य बाल कल्याण समिति कविता, बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह अधीक्षक मुरारीलाल के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल द्वारा बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संस्थाओं में निवासरत बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त हो तथा उनके शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास से संबंधित अधिकारों की प्रभावी रूप से पूर्ति हो सके।
निरीक्षण दल द्वारा निरीक्षण के दौरान वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान संप्रेषण गृह की आधारभूत संरचना, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, क्षमता एवं बच्चों की आवासीय स्थिति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल द्वारा बाल संरक्षण तंत्र के अंतर्गत सीसीटीवी व्यवस्था, स्टाफ का सत्यापन, आगंतुक रजिस्टर एवं सुरक्षा उपायों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त बच्चों को प्रदान किए जा रहे पोषण, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाएं, चिकित्सा रिकॉर्ड एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का भी मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों की शिक्षा व्यवस्था एवं पुनर्वास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया। दल द्वारा बच्चों से व्यक्तिगत एवं समूह में संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया। व्यक्तिगत देखभाल योजना, केस फाइल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही निरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने हेतु आवश्यक जियो टेग फोटो भी संकलित किए गए।
निरीक्षण के आधार पर स्थिति का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए गए। जहां कमियां पाई गईं, तो उन्हें शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ बृजेश बसल एवं केयर टेकर राजकुमार गुर्जर, कनिष्ठ सहायक संजय, स्टेनो राहुल डंडौतिया मौजूद रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

