फरार 20 हजार का इनामी बदमाश राजकोट से गिरफ्तार, साधु बनकर काट रहा था फरारी,
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
2 साल से फरार 20 हजार का इनामी बदमाश राजकोट से गिरफ्तार, साधु बनकर काट रहा था फरारी,
धौलपुर,
महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाश चंद्र बिश्नोई एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत
जिला विशेष टीम (डीएसटी) और कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 साल से फरार 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमरदास उर्फ अमृतदास को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और 9 जनवरी 2024 को जिला जेल धौलपुर से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी फरारी के दौरान लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। उसने पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर राजकोट की एक निजी कंपनी में काम करना शुरू कर दिया था। वहीं, पुलिस से बचने के लिए वह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों में साधु के वेश में भी रहा।
डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक घनश्याम सिंह के नेतृत्व में टीम पिछले करीब तीन महीनों से आरोपी की तलाश में जुटी थी। हेड कांस्टेबल दीनदयाल ने गुप्त सूचना तंत्र के जरिए आरोपी के मूवमेंट पर नजर रखी और लगातार सूचनाएं जुटाईं। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद टीम ने राजकोट में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ जेल से फरार होने पर पहले से ही मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे फरारी के दौरान उसके संपर्कों और गतिविधियों का खुलासा होने की संभावना है।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना और डीएसटी टीम के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं हेड कांस्टेबल दीनदयाल के प्रयासों को विशेष रूप से सराहा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विजय शर्मा

