ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल एवं विद्युत सप्लाई बनाएं -डीएम
1 min readसभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल एवं विद्युत सप्लाई बनाएं-डीएम
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
धौलपुर

बिजली, पानी, मौसमी बीमारी सहित अन्य प्रमुख बिन्दुओं की समीक्षा बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में हुआ। बैठक में उन्होंने गर्मी के मौसम के मद्देनजर जिले वासियों को मौसमी बीमारियों और पेयजल की समस्या से प्रभावी रूप से निपटने के लिए सभी अधिकारी को सजगता और संवेदनशीलता के साथ अपने कार्यों को करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए जिले के ग्रामीण ने एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल एवं विद्युत सप्लाई निर्बाध बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से निराकरण करना सुनिश्चित करें। पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में सभी आवासीय एरिया में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों से पानी की उपलब्धता कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अवैध कनेक्शनों के खिलाफ नियमित अभियान चालाये तथा नवीन कनेक्शनों को समय पर जारी करें। जल जीवन मिशन में कार्यों को गति देते हुए खोदी गई सड़कों की गुणवत्ता से पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का समय पर निरीक्षण कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने से विद्युत सप्लाई में व्यवधान आने पर शीघ्र दुरूस्त कराई जाए। उन्होंने ढीले तारों को टीम बनाकर कर ठीक कराने घरेलू एवं कृषि कनेक्शनों के लिए आवश्यक सामग्री निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग को आमजन की समस्याओं का निराकरण करने, प्रत्येक चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिधत करने के निर्देश दिये। उन्होंने हीटवेव से बचाव के लिए समय-समय पर एडवाइजरी जारी करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्साकर्मियों को आमजन से निरन्तर सम्पर्क बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा संस्थानों में हीटवेव से बचाव की आवश्यक दवाएं, ओआरएस घोल का पर्याप्त स्टॉक रखें तीमारदारों के लिए छाया, पानी तथा वार्डों में पंखे, कूलर, एसी को दुरुस्त रखें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में सभी स्टाफ संवेदनशीलता से कार्य कर समय की पालना सुनिश्चित करें।
बैठक में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं प्रतिदिन जनसुनवाई में प्राप्त लंबित परिवादों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही न्यूज पेपर कटिंग्स पर भी चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सरकार को मंशा के अनुसार पेयजल, विद्युत आपूर्ति बनाए रखकर आमजन को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने, चिकित्सा सेवाओं को उपलब्धता करने के निर्देश दिये। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, सहायक निदेशक लोक सेवाएं बंशीधर योगी सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो
