तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो घायल
1 min readमिल्कीपुर, अयोध्या
खजूरहट मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्र प्रजापति (50) पुत्र रामपाल निवासी मजनाई अपनी बाइक से सहुलारा से हैरिंग्टनगंज की ओर जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर आकाश (लगभग 12 वर्ष) और सुशीला (लगभग 20 वर्ष) भी सवार थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में हरिश्चंद्र प्रजापति को गंभीर चोटें आईं, जबकि आकाश और सुशीला भी दूर जाकर गिरे और घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिल्कीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हरिश्चंद्र प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आकाश और सुशीला का उपचार सीएचसी में जारी है।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। सूचना पर थाना इनायत नगर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने सीएचसी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।

