हाईवे पर लूट करने वाली गैंग का पुलिस ने खुलासा, तीन गिरफ्तार
1 min readअयोध्या
अयोध्या में हाईवे पर राहगीरों को बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के नवीन मंडी चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध लोग रायबरेली रोड स्थित उसरु नहर के पास मौजूद हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अनिल सिंह, आनंद पांडेय और भास्कर पांडे उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक टाटा टियागो कार, 25,300 रुपये नकद, एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हाईवे पर यात्रियों को बहाने से गाड़ी में बैठाकर उनसे लूटपाट करते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

