March 16, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, राजस्थान दिवस कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। वहीं पीएचईडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखें तथा समय-समय पर पानी के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने महिला अधिकारिता विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना के लक्ष्यों को शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का प्रभावी एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण करें, ताकि आमजन की सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
बैठक में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं प्रतिदिन जनसुनवाई में प्राप्त लंबित परिवादों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही न्यूज पेपर कटिंग्स पर भी चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रकरणों को अत्यंत संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता से लेते हुए त्वरित एवं तर्कसंगत समाधान किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
गत साप्ताहिक बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनुपालना में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जलभराव वाले क्षेत्रों में फॉगिंग गतिविधियां सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
युवा शक्ति महोत्सव का होगा आयोजन
उन्होंने बताया कि राजस्थान स्थापना दिवस 2026 के अन्तर्गत 17 मार्च को युवा शक्ति महोत्सव का आयोजन नगर परिषद टाउन हॉल में प्रातः 10.30 बजे से किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह, सहायक निदेशक लोक सेवाएं बंशीधर योगी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बबली राम जाट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *