February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

48 घंटे से लापता थाना प्रभारी का नहीं लगा सुराग, कुआनो नदी में उतरे गोताखोर

1 min read
Spread the love

अमहट घाट पर मिली SSI की बाइक

बस्ती।

जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब थाने के कार्यवाहक प्रभारी एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) अजय कुमार गौड़ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। बीते 48 घंटों से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। निजी मोबाइल और सरकारी CUG नंबर दोनों बंद हैं, जबकि लापता होने के 24 घंटे बाद उनकी लावारिस मोटरसाइकिल कुआनो नदी किनारे अमहट घाट के पास बरामद हुई, जिससे अनहोनी की आशंका गहराती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, परशुरामपुर थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के अवकाश पर जाने के बाद SSI अजय कुमार गौड़ को कार्यवाहक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 5 फरवरी 2026 की शाम करीब 3 बजे वे किसी आवश्यक कार्य से थाने से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। रात करीब 8 बजे पत्नी रंजीता ने जब दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद से लगातार संपर्क का प्रयास विफल रहा।
मोटरसाइकिल की बरामदगी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार 7 फरवरी की सुबह से ही कुआनो नदी में गोताखोरों की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जबकि संभावित रास्तों और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने SSI अजय कुमार गौड़ की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और कई टीमें गठित कर दी गई हैं। सर्विलांस सेल को सक्रिय करते हुए कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। अजय कुमार गौड़ मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
थाने के एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही कोई ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल SSI की रहस्यमय गुमशुदगी पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है और पूरा महकमा उनकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *