निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर रोल पर्यवेक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
1 min read
धौलपुर
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में रोल पर्यवेक्षक पी. रमेश की अध्यक्षता में पंचायत समिति बाड़ी के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीणा एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रोल पर्यवेक्षक द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत विधानसभावार अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले की समस्त विधानसभाओं में प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के निस्तारण की प्रगति, मतदाता सूची में जेंडर रेशियो तथा ईपी रेशियो की स्थिति से अवगत कराया गया।
रोल पर्यवेक्षक रमेश ने कहा कि निर्वाचक नामावली की शुद्धता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत रूप से जोड़े जाएं, अपात्र प्रविष्टियों को समयबद्ध ढंग से हटाया जाए तथा सभी दावे-आपत्तियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के समस्त कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके। बैठक के अंत में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा फील्ड स्तर पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
ब्यूरो विजय शर्मा

