मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का किया शुभारंभ
1 min readआईटीआई मुजफ्फरनगर में भव्य आयोजन के साथ मनाया गया उत्तर प्रदेश दिवस 2026
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का किया शुभारंभ
प्रदर्शनी स्टालों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
किसान, उद्यमी, छात्र व खिलाड़ियों को सम्मानित कर उपलब्धियों का किया गया उत्सव
मुजफ्फरनगर/लखनऊ
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुजफ्फरनगर के सभागार एवं प्रांगण में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईटीआई सभागार में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसमें गृह मंत्री भारत सरकार अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को उपस्थित नागरिकों ने देखा। साथ ही सहारनपुर मंडल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली जनपदों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का भी एलईडी के माध्यम से प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश केंद्र एवं योगी सरकार के नेतृत्व में निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है और हर क्षेत्र में प्रदेश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आईटीआई प्रांगण में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, गन्ना विभाग, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पंचायती राज विभाग, उपायुक्त उद्योग, समाज कल्याण विभाग, सौर ऊर्जा विभाग, बेसिक शिक्षा, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन स्वयं सहायता समूह, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। माननीय मंत्री द्वारा प्रदर्शनी स्टालों का फीता काटकर उद्घाटन किया गया तथा सभी स्टालों का निरीक्षण कर लगाए गए उत्पादों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इन स्टालों के माध्यम से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा कृषि क्षेत्र के 5 उन्नत किसानों को शाल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उद्योग एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 7 उद्यमियों को सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार योजना में कंपोजिट विद्यालय सैदपुर कला एवं प्राथमिक विद्यालय आदमपुर को मोमेंटो एवं शाल प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। एक जनपद एक उत्पाद योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की गई। मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को डमी चेक वितरित किए गए। कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत 5 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त समाज सेवा, खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को शाल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति मिशन के अंतर्गत स्थापित सेल्फी पॉइंट पर माननीय अतिथियों द्वारा सेल्फी भी ली गई। साथ ही उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह मुक्त भारत के लिए शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, विधायक बुढ़ाना राजपाल बालियान ने भी उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व विधायक उमेश मलिक, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

