कड़ाके की ठंड में हीटर से तापते समय युवती की दर्दनाक मौत
1 min read
हैरिंग्टनगंज अयोध्या
जनपद अयोध्या के थाना कोतवाली बीकापुर अंतर्गत पुलिस चौकी मोतीगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर जोहन के मजरा रामगंज में शुक्रवार सांयकाल एक दर्दनाक हादसा हो गया। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए विद्युत हीटर से तापते समय 36 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रामगंज निवासी बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय उर्फ मथुरा पांडेय अयोध्या में गनमैन की ड्यूटी पर गए हुए थे। घर पर उनकी ज्येष्ठ पुत्री शिखा पांडेय उर्फ बिट्टू अकेली थी। स्नान के बाद ठंड से बचने के लिए वह हीटर के पास बैठी थी। इसी दौरान वह हीटर की चपेट में आ गई, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शाम को ड्यूटी से लौटने पर पिता ने घर से धुएं की दुर्गंध महसूस की। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और आग पर काबू पाया। अंदर जाकर देखा गया तो शिखा हीटर से चिपकी अवस्था में पड़ी थी।
बताया गया कि शिखा की मां का 11 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उसका छोटा भाई दिल्ली में रहता है। शिखा पढ़ाई में मेधावी थी और बीते वर्ष ही उसकी शादी जनपद गोंडा में हुई थी। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
दिनेश कुमार

