अधजली शव की हुई पहचान बाराबंकी का रहने वाला था मृतक तारिक, पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी
1 min readअयोध्या

अयोध्या जनपद के पटरंगा थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव के बाहर मिले अधजले शव की पहचान हो गई है। यह शव बाराबंकी के टिकैतनगर स्थित खजूरी गांव निवासी 33 वर्षीय तारिक पुत्र पुत्तन का निकला। पहचान के बाद पटरंगा पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस मृतक के फोन की कॉल डिटेल और स्थानीय सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शनिवार सुबह पटरंगा थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव के पास यह अधजला शव मिला था। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम ने मौके पर जांच की थी, लेकिन पहचान न होने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पाई थी। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान संभव हो पाई घटनास्थल से मृतक का जला हुआ मोबाइल फोन, एक कृत्रिम पैर, घड़ी, मफलर और तीन लाइटर बरामद हुए थे। तारिक के परिजनों ने बताया कि उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। कुछ दिन पहले ही उनके पैर का ऑपरेशन हुआ था, जिसमें उनका एक पैर आधा कट गया था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे कुछ अज्ञात लोग बाइक से घर आए और तारिक को अपने साथ ले गए। परिवार ने सोचा कि वे जानने वाले होंगे और किसी काम से ले गए होंगे। जब शाम तक तारिक घर नहीं लौटे, तो उन्होंने आसपास पता लगाया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पटरंगा थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने पुष्टि की कि मृतक की पहचान हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
