विभिन्न कार्यालयों एवं विभागों का कार्मिक विभाग द्वारा किया गया औचक निरीक्षण
1 min read
धौलपुर,
मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में प्रमुख शासन सचिव प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के निर्देशानुसार वरिष्ठ शासन उप सचिव केआर मीना एवं अतिरिक्त निदेशक निरीक्षण के नेतृत्व में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल के सदस्य शासन उप सचिव सुनील कुमार शर्मा, महेन्द्र कुमार सरावता, अनुभाग अधिकारी, कैलाश मीणा, पुष्कर राज जाटव, अनुभाग अधिकारी एवं लिपिक ग्रेड-द्वितीय सुरेन्द्र सिंह द्वारा प्रातः 9.40 बजे जिले के बाड़ी उपखण्ड में विभिन्न राजकीय कार्यालयों, विभागों का आकस्मिक भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजकीय कार्यालयों, विभागों की संधारित 14 उपस्थिति पंजिकाएं मौके पर ही जब्त की गई। कार्यालयों, विभागों के कुल 19 राजपत्रित में से 2 राजपत्रित अधिकारी अनुपस्थित पाये गये जो कि प्रतिशत की दृष्टि से 10.52 प्रतिशत है एवं कुल 121 अराजपत्रित कर्मचारियों में से 41 कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये जोकि प्रतिशत की दृष्टि से 33.88 प्रतिशत है। इस प्रकार कुल 43 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। यह भी उल्लेखनीय है कि उपखण्ड स्थित कुछ कार्यालय, विभागों के कमरों के ताले लगे हुये पाये गये जिनकी उपस्थिति पंजिकायें जब्त नहीं की जा सकी एवं उपस्थिति पंजिकाएं निर्धारित मापदण्डानुसार संधारित नही की जा रही है, साथ ही कई कार्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सही नही पायी गयी तथा कई कार्यालयों में रिकॉर्ड अव्यस्थित पाया गया। विभागों द्वारा जारी समय-समय पर परिपत्रों की पालना सुनिश्चित नहीं की जा रही हैं। अनुपस्थित कार्मिको पर नियमानुसार सीसीए नियमों तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिए रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत की जायेगी।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

