विश्वविद्यालय के विद्युत कर्मी को प्रभारी सुरक्षा अधिकारी ने जमकर पीटा
1 min readविश्वविद्यालय के विद्युत कर्मी को प्रभारी सुरक्षा अधिकारी ने जमकर पीटा
पीड़ित विद्युत कर्मी की पत्नी ने मुकदमा कायम किए जाने हेतु कुमारगंज पुलिस को दी तहरीर
एनडीए चौकी प्रभारी पर भी पिटाई का लगा आरोप
थानाध्यक्ष ने मामले की जांच थाने के सीनियर उपनिरीक्षक को सौंपा, पीड़ित महिला को दिलाया कार्रवाई का भरोसा
मिल्कीपुर अयोध्या
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्युत विभाग में फिक्स मानदेय पर काम कर रहे विद्युत कर्मी को विश्वविद्यालय के प्रभारी सुरक्षा अधिकारी एवं एनडीए चौकी प्रभारी द्वारा बर्बरता पूर्वक पीटे जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद पीड़ित विद्युत कर्मी की पत्नी ने प्रभारी सुरक्षा अधिकारी सहित एनडीए चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा कायम किए जाने हेतु तहरीर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरई पारा गांव निवासी बबलू यादव कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित बिजली विभाग में अस्थाई फिक्स मानदेय पर हेल्पर पद पर कार्यरत है। प्रस्तुत की गई तहरीर में उल्लेखित किया गया है कि बीते 9 दिसंबर को विश्वविद्यालय के कालिंदी एवं अमरावती छात्रावासों की लाइट खराब थी जिसे बनाने में कुमारगंज बाजार से कई बार सामान लाने हेतु उन्हें आना-जाना पड़ा था और वह सामान लेकर रात करीब 7:00 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर 1 से हॉस्टल जा रहे थे जहां प्रशासनिक भवन के सामने एक अपरिचित व्यक्ति ने उन्हें हाथ देकर रोकना चाहा किंतु उन्होंने अपनी बाइक नहीं रोकी और सीधे विश्वविद्यालय के हॉस्टल पहुंचे थे, जहां लगभग 45 मिनट तक खराब लाइट दुरुस्त करने के उपरांत वह अपनी बाइक से अपने घर के लिए निकले थे। बबलू यादव विश्वविद्यालय के ग्रेड नंबर 2 पर पहुंचे ही थे कि प्रशासनिक भवन के सामने हाथ देकर बाइक रोकने वाला व्यक्ति उन्हें पुनः मिला और उसने गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को ललकारा व कहा रोक लो और मार गिराओ। आरोप है कि बबलू यादव ने गेट बंद होने की दशा में बाइक रोक दी, इतने में विश्वविद्यालय के प्रभारी सुरक्षा अधिकारी डॉ विनोद कुमार सिंह उनके पास पहुंच गए और उन्होंने बबलू को बाइक समेत नीचे धकेल दिया और अपने जूते की ठोकरों से उन्हें कई बार मारा तथा कहा कि हरामजादे को विश्वविद्यालय से बाहर नहीं जाने देना है इसे मार गिराओ। आपा खो बैठे सुरक्षा प्रभारी विनोद सिंह ने बबलू यादव की बाइक के दोनों चक्कों की हवा निकाल दी और बाइक की टंकी पर भी जूते से कई वार किया। इतने पर भी जी नहीं भरा, तब उन्होंने एनडीए चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरिशंकर राय को भी बुला लिया और उन्होंने भी महिला के पति बबलू यादव को डंडों तथा थप्पड़ों से जमकर पीटा। इसके चलते विद्युत कर्मी के सिर, मुंह तथा शरीर पर गंभीर चोटे आ गई। महिला ने अपने पति को घर आने में विलंब देख पति के मोबाइल पर कोई कॉल किया किंतु फोन नहीं उठ सका और वह लगातार कॉल करती रही। हालांकि इसी बीच उसका फोन उठ गया और उन्होंने रो-रो कर अपनी पत्नी से सारी आपबीती बताई। इसके उपरांत महिला ललिता यादव ने अपने दोनों बेटों को हवा भरने वाला पंप लेकर साइकिल से पति के पास भेजा। जहां किसी तरह बबलू यादव अपने घर पहुंचे और रात ही में उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले जाया गया। हालत में कुछ सुधार होने के उपरांत पीड़ित बबलू यादव की पत्नी ललिता यादव शिकायती पत्र लेकर थाने पहुंची और दोनों बेअंदाज कर्मियों के खिलाफ मुकदमा कायम किए जाने की मांग की। महिला ने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि घटना का साक्ष्य विश्वविद्यालय के गेट नंबर 2 पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से प्राप्त किया जा सकता है। पीड़ित महिला की शिकायत मिलने के बाद थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने घटना की जांच थाने के सीनियर उप निरीक्षक धनीराम वर्मा को सौंप दिया है। उन्होंने पीड़ित महिला को प्रकरण में कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।

