February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सुरेश कुमार शुक्ल ने सोशल मीडिया पर उठाई किसानों की आवाज,डीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग

1 min read
Spread the love

गोंडा।

जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जनपद के अन्नदाता किसानों की बढ़ती परेशानी को लेकर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार शुक्ल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी गोंडा से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार की ओर से धान खरीद के स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद जनपद के अधिकतर धान क्रय केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं की गई है, जिससे किसान बेहद परेशान और हताश हैं। शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि क्रय केंद्र प्रभारियों द्वारा सरकार से बोरा न मिलने, तहसील स्तर से ऑनलाइन खतौनी सत्यापन न होने जैसे बहाने बनाकर किसानों को जानबूझकर रोका जा रहा है। उनके अनुसार यह भी जनचर्चा है कि सत्ता संरक्षित व्यापारियों और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के चलते 30 नवंबर तक खरीद रोककर किसानों को मजबूर किया जा रहा है, ताकि व्यापारी किसानों का धान 1400–1500 रुपये प्रति कुंतल के कम दाम पर खरीद सकें और बाद में सरकारी रेट पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा सकें। उन्होंने बताया कि जिले में विधायक, सांसद, एमएलसी और ब्लॉक प्रमुख सभी सत्ता पक्ष से होने के बावजूद संबंधित अधिकारी निरंकुश तरीके से किसानों का शोषण कर रहे हैं, जो बेहद चिंता का विषय है। जिलाधिकारी से अपील करते हुए शुक्ल ने कहा कि किसानों की ऑनलाइन खतौनी का सत्यापन तहसील से तत्काल सुनिश्चित कराया जाए और क्रय केंद्र प्रभारियों को सरकारी निर्धारित मूल्य पर धान खरीदने के लिए बाध्य किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जिस तरह वे स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण कर सुधार लाती हैं, उसी प्रकार धान क्रय केंद्रों का भी निरीक्षण कर लापरवाह केंद्र प्रभारियों पर सख्त कार्रवाई करें, ताकि किसानों को उनका हक मिल सके। अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिलाधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेंगी, जिससे अन्नदाता किसानों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *