ग्रीन दिवाली के संदेश के साथ स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
1 min readआयुक्त शशि भूषण लाल सुशील व पत्नी गरिमा भूषण ने दिखाई हरी झंडी
गोण्डा।
दीपावली के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त त्योहार मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को आयुक्त आवास से अंबेडकर चौराहा तक “ग्रीन पटाखे जलाने” को लेकर एक भव्य पैदल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों और बच्चियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील और उनकी पत्नी गरिमा भूषण ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारे लगाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। “ग्रीन पटाखे जलाओ, प्रदूषण भगाओ”, “स्वच्छ हवा सबका अधिकार, ग्रीन दिवाली का करें विचार” जैसे नारों से बच्चों ने आमजन को संदेश दिया कि त्योहार खुशी से मनाएं, लेकिन प्रकृति की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। रैली का शुभारंभ आयुक्त आवास के गेट से हुआ, जो अंबेडकर चौराहा होते हुए वापस आयुक्त आवास पर समाप्त हुई। रैली के दौरान बच्चों ने ग्रीन पटाखों के महत्व को बताया और सभी से अपील की कि वे पारंपरिक पटाखों के बजाय पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं। आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली आनंद और प्रकाश का त्योहार है,जिसे प्रदूषण रहित तरीके से मनाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वायु और ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए अधिक ध्वनि वाले पटाखों का उपयोग न करें और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनें। उन्होंने कहा कि “ग्रीन दिवाली मनाना न सिर्फ प्रकृति के लिए अच्छा है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक कदम है।” इस अवसर पर आकांक्षा समिति की अध्यक्षा गरिमा भूषण ने सभी मंडलवासियों से अपील की कि वे प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाएं और “मां के नाम एक पेड़” अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि दीपावली का सच्चा उत्सव तभी सार्थक होगा जब हम अपने परिवेश को स्वच्छ, हराभरा और सुंदर बनाएंगे। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पूरे मंडल को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेने को प्रेरित किया। रैली के दौरान मिशन शक्ति अभियान से भी स्कूली बच्चियों और आमजन को जागरूक किया गया। बच्चियों ने “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” का नारा लगाते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रैली में भाग लेने वाली बच्चियों को अपने हाथों से मिशन शक्ति के पंपलेट वितरित किए और उन्हें आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी गोंडा प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, नगर मजिस्ट्रेट सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। रैली में शामिल सभी बच्चों को चिप्स, बिस्किट और फ्रूटी जैसी सामग्री भी वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। रैली का समापन “ग्रीन दीपावली—स्वच्छ मंडल” के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे इस दीपावली पर ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करेंगे और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूर करेंगे।

