भगवान राम की नगरी में तीर्थ यात्रियों के लिए सहारा, जीवन रक्षक कवच बनी अयोध्या जल पुलिस टीम
1 min readअयोध्या

जल पुलिस – सुरक्षा व विश्वास
अपने स्थापना वर्ष 2019 से अबतक 850 से अधिक लोगो की जान, 150 से अधिक पशु, एक हिरण, दो राष्ट्रीय पक्षी मोर की बचायी जान, साथ ही घाट पर असहायों की मदद व बिछड़ें लोगो को उनके परिवार से मिला कर पेश की मानवता की मिसाल।
जनपद अयोध्या एक धार्मिक व पौराणिक स्थल होने की वजह से अयोध्या में वर्षभर विभिन्न मेला त्यौहारों का अयोजन होता रहता है, और वर्षभर लाखों श्रद्धालुओं का अयोध्या में आगमन होता है। श्रद्धालुगण अयोध्या में बने विभिन्न रमणिक स्थलों, मन्दिरों का दर्शन करने के साथ ही साथ मां सरयू के घाटों पर स्नान भी करते हैं व घाटों के पास बने रमणिक स्थलों का दर्शन करते है।
अयोध्या आने वाले इन लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था हेतु अयोध्या पुलिस द्वारा बेहतरीन सुरक्षा प्रबन्ध किया गया जिसमें घाटों पर स्नान करने आ रहे श्रद्धालुगणों की सुरक्षा हेतु जून वर्ष 2019 को विशेष जल पुलिस का गठन किया गया था, जिसमें कुशल तैराकी वाले पुलिस कर्मियों को पोस्ट किया गया था। स्थापित जल पुलिस टीम ने निरन्तर अपनी सेवा भाव, समर्पण व सुरक्षा से श्रद्धालुओं में अलग विश्वास बनाया जिससे जल पुलिस टीम को श्रद्धालुगणों द्वारा खूब प्रशंसा मिली।
अयोध्या जल पुलिस ने अपने साहस, समर्पण व तत्परता से अबतक सैकड़ों श्रद्धालुओं की जान बचायी, बाढ़ के दौरान पशुओं की जान बचायी, अपनों से बिछड़े लोगो को मिलाया, घाट पर बीमार श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुँचाया, घाट पर खो जाने वाले कीमती सामान को खोजा इत्यादि। जल पुलिस द्वारा सरयू में भ्रमणशील रहकर श्रद्धालुओं को सतर्क किया जाता रहा है और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रतिक्रिया करते हुए डूबते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
अपनी स्थापना वर्ष से अबतक जल पुलिस टीम ने 850 से ज्यादा लोगो की जिंदगियां बचायी है जिसमें 200 से ज्यादा आत्महत्या की नियत से कूदे लोगो को बचाया गया व 650 के करीब नहाते समय डूब रहे श्रद्धालुओं को सकुशल बचाया गया। साथ ही बाढ़ व विपत्ति के समय 150 के करीब बड़े पशुओं को जल पुलिस टीम ने अपने साहस व तत्परता से रेस्क्यू किया व 2 घायल राष्ट्रीय पक्षी मोर एवं 1 दुर्लभ प्रजाति के उल्लू व एक हिरण को भी जल पुलिस टीम ने रेस्क्यू किया है। इसके साथ ही घाटों पर खोये 20 से ज्यादा मोबाइल, सवा 2 लाख का चेक व लगभग 1 लाख 50 हजार रूपये खोज कर श्रद्धालुओं को सुपुर्द किया। अपनों से बिछड़े श्रद्धालुओं का सहारा भी बनी अयोध्या जल पुलिस, जिसमें करीब 80 से ज्यादा बिछड़ें श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाकर उनके चेहरों पर मुस्कान का कारण बनी अयोध्या जल पुलिस टीम।
जल पुलिस टीम
जल पुलिस प्रभारी रूबे प्रताप मौर्य
हेड कांस्टेबल बृजेश साहनी
आरक्षी नित्यानंद यादव, आरक्षी सुरेंद्र यादव, आरक्षी मुरारी लाल, आरक्षी शिव कुमार, आरक्षी अजीत
आरक्षी अखिलेश, आरक्षी अवनीश मिश्रा आरक्षी मुन्नालाल
