अवैध गांजे का कारोबार चरम पर,वायरल वीडियो ने खोली पुलिस विभाग व आबकारी विभाग की खुली पोल
1 min readगोंडा में अवैध गांजे का कारोबार चरम पर,वायरल वीडियो ने खोली पुलिस-आबकारी विभाग की पोल
गोंडा।

जिले के कोतवाली कर्नलगंज व थाना कटरा बाजार क्षेत्र में अवैध गांजे का कारोबार चरम पर है। यहाँ आये दिन अवैध रूप से गांजा बिक्री के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में कर्नलगंज में गोंडा-लखनऊ हाईवे के किनारे और कर्नलगंज बस स्टैंड के पास का सामने आया है, जहाँ भांग की दुकानों की आड़ में चिप्पड़ और गांजे की खुलेआम बिक्री हो रही है। थाना कटरा बाजार क्षेत्र में अवैध गांजा बिक्री का कारोबार खुलेआम फलफूल रहा है। बीते 6 जून 2025 को एक साइकिल की दुकान में नाबालिग द्वारा गांजा बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वीडियो में नाबालिग बेखौफ होकर गांजा बेचता दिखाई दिया, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यूपी पुलिस और गोंडा पुलिस ने जिम्मेदार अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन ये निर्देश हवा-हवाई साबित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, कटरा बाजार क्षेत्र में कई जगहों पर गांजा माफिया धड़ल्ले से अवैध कारोबार चला रहे हैं। आरोप है कि थाना प्रभारी का संरक्षण इन माफियाओं को मिल रहा है, जिसके चलते उनके हौसले बुलंद हैं। वहीं ताजा मामला कर्नलगंज बस स्टैंड के पास का है। जहां गांजा बिक्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने प्रशासन की नाकामी को उजागर कर दिया है,जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। सूत्रों के अनुसार गांजा माफियाओं को कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग का कथित संरक्षण प्राप्त है,जिसके चलते वे बेखौफ होकर यह अवैध धंधा चला रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि भांग की दुकानों के नाम पर दिन-रात नशे की सामग्री बेची जा रही है,जिससे युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है। इस कारण न केवल उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है,बल्कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कर्नलगंज बस स्टैंड के आसपास की दुकानों पर गांजा और चिप्पड़ खुले तौर पर बिक रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस अवैध धंधे पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है,लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। समाजसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। उनका कहना है कि नशे का यह कारोबार युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। जिला प्रशासन से मांग की जा रही है कि गांजा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जाए। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है,लेकिन देखना होगा कि क्या इस बार कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।
