लकड़ी व्यापारी के कैशियर ने रची साजिशः 2.60 लाख रुपए लूट की दी झूठी सूचना; पुआल में छिपाए थे पैसे, एसपी ने किया खुलासा
1 min readरुदौली/अयोध्या
अयोध्या जनपद के कोतवाली रुदौली क्षेत्र में हुई एक कथित लूट की घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि लूट की सूचना देने वाला व्यक्ति ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था। लकड़ी व्यापारी जिलानी के यहां कैशियर के रूप में कार्यरत रामजीत रावत ने पैसे के लालच में लूट की झूठी कहानी रची थी। उसने 2 लाख 60 हजार 600 रुपये की रकम को घटनास्थल से मात्र 100 मीटर दूर पुआल में छिपा दिया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की तह तक पहुंची और पाया कि लूट की पूरी कहानी रामजीत रावत ने स्वयं गढ़ी थी। जांच में खुलासा हुआ कि रामजीत रावत, जो मड़हा का पुरवा भौली का निवासी है, ने लकड़ी व्यापारी जिलानी के यहां कैशियर के रूप में काम करते हुए विश्वासघात किया। उसने पैसे हड़पने के इरादे से 2 लाख 60 हजार 600 रुपए की रकम को लूट की घटना का रूप देने के लिए पुआल में छिपा दिया और पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामजीत को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और छिपाए गए रुपए भी बरामद कर लिए गए। कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी पुलिस ने आरोपी रामजीत रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस ऑपरेशन में कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य के साथ अपराध निरीक्षक शत्रुघ्न यादव, उपनिरीक्षक मनीष तिवारी, हेड कॉन्स्टेबल अशोक यादव, कॉन्स्टेबल राम किशुन यादव और कांस्टेबल शैलेश पासी शामिल रहे।

