जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई संपन्न
1 min readजिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई आयोजित।
डीएम द्वारा बढ़ती दुर्घटनाओं के दृष्टिगत जॉच कमेटी का गठन कर कारणों का पता लगाने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिये गये निर्देश।
सुलतानपुर
जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। उक्त बैठक में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, एनएच-731, सहित अन्य मार्गों पर सड़क दुर्घटना को कम करने, गहन जन जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाने, वाहनों एवं परिवहन चालक का स्वास्थ्य चेकअप करने, दुर्घटना ग्रस्त हॉट-स्पॉट को चिन्हित करने, गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगाये जाने, बगैर हेलमेट व ओवर स्पीड पर कार्यवाही किये जाने, मोडीफाई साइलेन्सर को रोकने, सड़कों की मरम्मत, स्पीड कन्ट्रोल डिवाइस लगाये जाने, ई-परिवहन एप का प्रचार-प्रसार किये जाने आदि के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी।

1. जनपद में मार्च, 2024 की तुलना में मार्च, 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि होने पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा एक्सीईन पी0डब्ल्यू0डी0 को निर्देशित किया गया कि चिन्हित हॉट-स्पॉट के साथ विभिन्न राजमार्गों के सम्बन्धित अधिशाषी अभियन्ताओं के साथ बैठक कर दुर्घटना बढ़ने के कारण का पता लगायें तथा उक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
2. जिलाधिकारी महोदय द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे व एनएच-731 पर ट्रैफिक लाइट लगाये जाने, अन्य जगहों पर प्रकाश की व्यवस्था करने तथा साइनेज और बढ़ाये जाने के दृष्टिगत निर्देशित किया कि प्रस्ताव भिजवाना सुनिश्चित करें।
3. जिलाधिकारी महोदय द्वारा एनएच-731 पर बढ़ती दुर्घटनाओं के दृष्टिगत जनपद में कुल-45 किमी0 दूरी का सर्वे करने हेतु एक जॉच कमेटी बनाने के निर्देश दिये, जिसमें एक्सीईएन पी0डब्ल्यू0डी0, एआरटीओ, ट्रैफिक इंपेक्टर व सम्बन्धित एसएचओ सदस्य होंगे तथा जॉच कमेटी द्वारा यथाशीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाय।
4. जिलाधिकारी महोदय द्वारा सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ई-परिवहन एप का लाइव डेमो, वाहनों के फिटनेस मानक, स्पीड के मानक, गाड़ियों में रिफ्लेक्टर लगाने का गहन अभियान चलाया जाय तथा रोड का मरम्मतीकरण, यातायात के नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाय।
5. उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी एकीकृत प्रयास करते हुए गहन चेकिंग अभियान चलाकर दुर्घटना की दर को कम किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसी को परेशान न किया जाय।
6. पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे व नेशनल हाईवे-731 पर उच्चागुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन कराये जाने, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में आपात सहायता हेतु एम्बुलेंस इत्यादि का जीवन रक्षक उपकरणों के साथ व्यवस्थापन, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व सेफ्टी हेतु एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी की तरह से गश्त व्यवस्था तथा पुलिस गश्त हेतु वाहन की व्यवस्था, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्थिति एयर स्ट्रिप की सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा की गयी।
7. ट्रैफिक रिगुलेशन हेतु यातायात बूथ और ट्रैफिक आई-लैंड का व्यवस्थापन, यातायात अतिक्रम, वाहन पार्किंग, यातायात सुरक्षा सम्बन्धी जागरूकता गतिविधियाँ, किसी महत्वपूर्ण चौराहों पर यातायात सिग्नल लाईट (पायलट प्रोजेक्ट) आदि के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी।
8. उन्होंने दुर्घटनाओं को कम करने के दृष्टिगत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे व एनएचआई के अधिकारियों को अपर पुलिस अधीक्षक महोदय के साथ मीटिंग करने तथा सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये।
9. जिलाधिकारी महोदय द्वारा अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) व अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि सभी स्ट्रीट वेंडरों को वेन्डिंग जोन में शिफ्ट करने हेतु उन्हें समय से नोटिस देकर कड़ाई के साथ उन्हें वेन्डिंग जोन में शिफ्ट करने की कार्यवाही की जाय। इसी प्रकार ई-रिक्शा के सम्बन्ध में रूट चिन्हित करने, पार्किंग की व्यवस्था किये जाने के निर्देश।
