आसमानी बिजली गिरने से चार जवान घायल, नक्सलियों के खिलाफ डटकर मुकाबला करने वाले सेकंड कमान अफसर शहीद
1 min read
रांची

नक्सलियों के खिलाफ सीधा मुकाबला कर रहे सीआरपीएफ को झारखंड में बड़ा झटका लगा है. दरअसल वज्रपात की वजह से सीआरपीएफ 26 बटालियन के सेकंड कमान अफसर एम प्रबो सिंह शहीद हो गए हैं. सीआरपीएफ की तरफ से सेकंड कमान अफसर एम प्रबो सिंह के मृत्यु की पुष्टि की गई है.
कुछ महीने पहले ही हुई थी झारखंड में तैनाती
झारखंड के सारंडा में जिन बहादुर अफसर का नक्सली भी कुछ बिगाड़ नहीं पा रहे थे उनमें से एक प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गए. चाईबासा के बालिवा में गुरुवार को आसमानी बिजली गिरने की वजह से सीआरपीएफ के दो अधिकारी सहित कुल चार जवान घायल हो गए थे. शुक्रवार को इलाज के दौरान सेकंड कमान अधिकारी एम प्रबो सिंह शहीद हो गए. मणिपुर के रहने वाले एम प्रबो सिंह की पोस्टिंग कुछ महीने पहले ही झारखंड में हुई थी.
घायल जवानों को लाया गया रांची
चाईबासा में आसमानी बिजली गिरने से घायल हुए सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेट सहित तीन को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है. रांची एयरपोर्ट से अस्पताल तक ग्रीन कोरिडोर बनाकर तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. आपको बता दें कि चाईबासा में वज्रपात की वजह से नक्सल अभियान में निकले सीआरपीएम के दो अधिकारी सहित चार घायल हो गए थे. जिनमें से एक अधिकारी की मौत चाईबासा में ही इलाज के दौरान हो गई थी.
सर्च अभियान पर थे जवान
जानकारी के अनुसार चाईबासा के घोर नक्सल प्रभावित बालिवा के जंगल में सीआरपीएफ 26 बटालियन अधिकारी और जवान अभियान पर थे. इसी दौरान जंगल में तेज आवाज के साथ वज्रपात हुई. मौके पर सीआरपीएफ के दो अधिकारी और दो जवान, आसमानी बिजली के चपेट में आ गए. जिसमें वे बुरी तरह से जख्मी हो गए थे. सबसे पहले अभियान में मौजूद डॉक्टरों ने ही घायलों का इलाज किया. उसके बाद सभी घायलों को जंगल से रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया था.
चार जवानों पर गिरी थी आसमानी बिजली
झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आसमानी बिजली गिरने से सीआरपीएफ के दो अधिकारी समेत चार घायल हुए थे. घायलों में सीआरपीएफ 26 बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट सुबीर मंडल, सीआरपीएफ 26 बटालियन के ही अधिकारी प्रबो सिंह शामिल थे.
