February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

होटल क्लार्क अवध में आयोजित इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के कॉन्क्लेव को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित

1 min read
Spread the love

लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में सुरक्षा का बेहतरीन माहौल है,यह अपराध और माफिया मुक्त प्रदेश बन चुका है,सबको पता है कि दु:साहसियों के दु:साहस को यूपी पुलिस मिनटों में चकनाचूर कर देती है।सीएम ने जेम एंड ज्वैलरी से जुड़े व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सरकार हर कदम पर आपके साथ है।सीएम योगी गुरुवार को राजधानी लखनऊ के होटल क्लार्क अवध में आयोजित इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (इबजा) के कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे।सीएम ने बीते आठ साल में राज्य की अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में हुई उल्लेखनीय प्रगति की विशेष रूप से चर्चा की।

सीएम योगी ने लखनऊ में कॉन्क्लेव के आयोजन के लिए इबजा को विशेष रूप से धन्यवाद दिया। सीएम ने कहा कि यह आयोजन न केवल व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ावा देगा, बल्कि सरकार के आठ साल बेमिसाल अभियान को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।सीएम ने एसोसिएशन से आग्रह किया कि वे उत्तर प्रदेश में जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करें।

सीएम योगी ने जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग की भारत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र किया।सीएम ने कहा कि यह क्षेत्र देश की जीडीपी में 7 प्रतिशत का योगदान देता है और आयात शुल्क तथा जीएसटी के माध्यम से भी इसका योगदान अद्वितीय है।जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग न केवल आर्थिक विकास में योगदान देता है,बल्कि रोजगार सृजन और वैश्विक बाजार में भारत की पहचान को भी मजबूत करता है।

पिछले एक दशक में देश और विशेष रूप से पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और कानून व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलावों पर सीएम योगी ने जोर दिया।सीएम ने कहा कि आठ साल पहले यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल थी,पर्व-त्योहारों पर अशांति,दंगे और व्यापारियों व बेटियों की असुरक्षा आम थी,लेकिन 2017 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताते हुए बीजेपी को जनादेश दिया,आज यूपी न केवल दंगा मुक्त, बल्कि माफिया मुक्त भी हो गया है,सभी पर्व-त्योहार चाहे वे किसी भी जाति या धर्म से संबंधित हों, शांति और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि इस बेहतर माहौल ने व्यापार और निवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाई हैं,आज यूपी में वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर और सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो व्यापारियों के लिए अनंत संभावनाएं प्रदान करती हैं।

सीएम योगी ने जेम्स एंड ज्वैलर्स पार्क की स्थापना का आह्वान करते हुए इसे यूपी की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। सीएम ने इबजा से एक ऐसा मॉडल तैयार करने का आग्रह किया,जिसमें डिजाइन,तकनीक,प्रोसेसिंग,पैकेजिंग, सप्लाई चेन और निर्यात को शामिल किया जाए। सीएम ने कहा कि यूपी 25 करोड़ की आबादी वाला विशाल राज्य है और आसपास के क्षेत्रों को जोड़कर यह 30 करोड़ लोगों के व्यापार, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा की जरूरतों को पूरा करता है।सीएम ने कहा कि इस बाजार का लाभ उठाने के लिए हमें आधुनिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। सीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार सुरक्षा और संवाद के माध्यम से व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।

सेफ सिटी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का सीएम योगी ने जिक्र करते हुए बताया कि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम,जो पहले 25-30 मिनट था, अब 7-8 मिनट तक कम हो गया है। इसके अलावा 2017 में जहां पूरे प्रदेश में केवल एक साइबर थाना था, वहीं आज हर जनपद में साइबर थाना और हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं। फॉरेंसिक अपराधों को रोकने के लिए हर जनपद में थाना और लैब्स की स्थापना की गई है और पिछले साल एक फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट भी स्थापित किया गया है।

सीएम योगी ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सीसीटीवी कैमरों का उपयोग बढ़ाने की अपील की। सीएम ने कहा कि पहले डीवीआर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते थे,लेकिन अब बिना डीवीआर वाले आधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस तकनीक ने बड़ी घटनाओं का त्वरित अनावरण संभव बनाया है। यूपी पुलिस किसी भी अपराधी के दुस्साहस को मिनटों में चकनाचूर कर सकती है।

सीएम योगी ने इबजा और व्यापारियों से अपील की कि वे इस अनुकूल माहौल का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। सीएम ने विश्वास जताया कि जेम्स एंड ज्वैलर्स उद्योग न केवल यूपी, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार, और नई पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार आपके साथ है,हम मिलकर यूपी को एक नई दिशा देंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, इबजा के राष्ट्रीय सचिव सुरेन्द्र मेहता, नॉर्थ इंडिया हेड अनुराग रस्तोगी, डायरेक्टर सुमित रस्तोगी, अजय रस्तोगी, अजय अग्रवाल, धर्मेन्द्र गुप्ता, उमेश पाटिल सहित अन्य पदाधिकारीगण और व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *