February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

टोल प्लाजा के मैनेजर समेत सात कर्मचारी 50 लाख लेकर फरार

1 min read
Spread the love



बाराबंकी।
जिले में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर शहाबपुर के पास स्थित टोल प्लाजा पर काम करने वाले मैनेजर, अकाउंटेंट, शिफ्ट इन्चार्ज, सुपरवाइजर समेत सात कर्मचारियों द्वारा 50 लाख रुपये का गबन किए जाने का मामला सामने आया है। वर्तमान मैनेजर का आरोप है कि फर्जीवाड़ा करते हुए मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से यह रकम निकालकर सभी फरार हो गए हैं। मसौली थाने में सातों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
        मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर टोल प्लाजा के वर्तमान मैनेजर सचिन चौहान के अनुसार उनकी तैनाती से पहले यहां फिरोजाबाद जिले के इमलिया उम्मर्गढर, नगला सिकंदर निवासी पुष्प दंत तिवारी मैनेजर के तौर पर तैनात थे। जबकि अकाउंटेंट राहुल यादव निवासी बघार गोरखपुर, शिफ्ट इंचार्ज सिद्धार्थ सिंह निवासी उत्तरा गौरी लालगंज डलमऊ रायबरेली, मोहित सिंह, मनोज शर्मा, सुपरवाइजर जितेन्द्र यादव व अभिजीत कुमार पांडेय निवासी गोपालगंज बिहार भी काम कर रहे थे। इन लोगों ने अवैध तरीके से मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से रोजाना 25 से 30 हजार रुपये की चोरी शुरू की।
        बीते जुलाई माह में सभी यहां से चले गए। इस बीच कंपनी ने ऑडिट किया तो 45 से 50 लाख रुपये का घपला मिला। मैनेजर ने बैंक पासबुक का स्टेटमेंट भी पुलिस को दिया गया। मामला पकड़ में आने के बाद सभी को कंपनी के मुख्य कार्यालय बुलाया गया। मगर सभी आरोपी रास्ते से ही फरार हो गए हैं।
       उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि अकाउंटेंट राहुल यादव के यूनियन बैंक आफ इंडिया के खाते में पैसा जमा कराया गया। करीब पांच से छह माह तक यह फर्जीवाड़ा होता रहा।
        अरुण प्रताप सिंह, एसएचओ मसौली ने कहा कि वर्तमान टोल मैनेजर की तहरीर पर पूर्व मैनेजर समेत सात आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *