October 16, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें :- जिला कलक्टर

1 min read
Spread the love

स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें- जिला कलक्टर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
धौलपुर,

जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध पहचान एवं पंजीकरण, प्रसवपूर्व जांच, संस्थागत प्रसव और प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की समुचित देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कमियों को दूर किया जाए।
बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए बच्चों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक टीके लगाने, छूटे हुए बच्चों की पहचान करने और नियमित टीकाकरण सत्रों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने हेतु के संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दें तथा पात्र किशोरियों तक अभियान का लाभ पहुंचाएं।
जिला कलक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का अधिकाधिक उपयोग किया जाए। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों की डिजिटल पहचान तथा स्कैन एंड शेयर सुविधा को प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि मरीजों को पंजीकरण एवं उपचार संबंधी सेवाएं सहजता से मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *