ऑटो चालक से लूट करने वाला एक अभियुक्त गिरफ्तार, 350 रुपये बरामद, दो फरार
1 min readपरसपुर में सुनसान जगह पर मारपीट कर मोबाइल और 700 रुपये छीने थे, केस दर्ज
गोण्डा। परसपुर थाना पुलिस ने ऑटो चालक से मोबाइल व नकदी छीनने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूट के 350 रुपये बरामद हुए हैं। दो अन्य अभियुक्त फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
वादी बबलू गोस्वामी पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, निवासी ग्राम नचनी, थाना कोतवाली करनैलगंज ने 17 सितंबर 2026 को परसपुर थाने में तहरीर दी थी। बताया कि वह अपनी ऑटो से परसपुर से करनैलगंज जा रहा था। रात करीब 9 बजे अमृतपुरी बाबा स्थान ब्रह्मचारी के पास सुनसान जगह पर पहुंचते ही तरई पुरवा निवासी अमित पुत्र शिवदयाल, नये पुरवा निवासी अरविन्द पुत्र जगप्रसाद और रमड़ी कुड़िया निवासी शहजाद पुत्र ईदू ने झपट्टा मारकर उसका टच स्क्रीन मोबाइल और 700 रुपये नकद छीन लिया। विरोध पर मारपीट में उसे हल्की चोटें भी आईं। पुलिस ने मुकदमा संख्या 421/2026 धारा 304(2)/317(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पड़ित सीवान पुलिया के पास से अभियुक्त शहजाद पुत्र ईदू निवासी ग्राम रमड़ी कुड़िया को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूट के 350 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

