गणेश चतुर्थी व दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने पीस कमेटी संग की बैठक
1 min readगोंडा।
आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं दुर्गा पूजा पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्य, गणमान्य नागरिक, सभी धर्मों के धर्मगुरु एवं दुर्गा पूजा व गणेश पूजा आयोजन समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बारी-बारी से आयोजकों से उनके क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों, मूर्ति स्थापना स्थल, जुलूस एवं शोभायात्रा के मार्ग, विसर्जन स्थल तथा कार्यक्रम की तिथि एवं समय के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आयोजक निर्धारित नियमों के अनुसार ही अनुमति प्राप्त कर कार्यक्रम आयोजित करें। जुलूस के निर्धारित रूट में बिना अनुमति कोई परिवर्तन न किया जाए और समय का सख्ती से पालन किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निरंतर पुलिस गश्त, सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी रखी जाए। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती, नाव व सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सएप व अन्य प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, अफवाहजनक या आपत्तिजनक पोस्ट व वीडियो पर तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के शेयर न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित पीस कमेटी सदस्यों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

