August 16, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर भीषण हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मौत, दूसरा गंभीर घायल

1 min read
Spread the love

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर भीषण हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मौत, दूसरा गंभीर घायल

रात में सड़क किनारे खड़े वाहन बने काल, परिजनों में कोहराम

गोंडा/कर्नलगंज। जिले में सड़क सुरक्षा के तमाम दावों के बीच गोंडा-लखनऊ हाईवे एक बार फिर खूनी साबित हुआ। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के चौरी चौराहे के पास शनिवार-रविवार की बीती देर रात हुए भीषण हादसे में 16 वर्षीय छात्र अब्दुल रहमान की मौत हो गई। जबकि उसका साथी 17 वर्षीय अब्दुल रहीम गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के मुताबिक रगड़गंज निवासी अब्दुल रहमान और अब्दुल रहीम अपनी स्कूटी से कर्नलगंज से घर वापस लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे चौरी चौराहे के पास हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली को स्कूटी सवार नहीं देख सके और उसमें पीछे से घुस गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई फीट दूर जाकर गिरे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग चरनजीत सिंह व अन्य मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज, गोंडा भेजवाया। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने अब्दुल रहमान को मृत घोषित कर दिया। अब्दुल रहीम के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और रात में ट्रैक्टर-ट्राली पर रिफ्लेक्टर न होने के कारण हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

घर में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही रगड़गंज में कोहराम मच गया। अब्दुल रहमान कक्षा 11 का छात्र था और परिवार का सबसे छोटा बेटा था। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाईवे पर रात में खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई हो और जगह-जगह रिफ्लेक्टर लगवाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *